ग्राम बडानयागांव स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने और चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी नहीं होने से जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर सकल जैन समाज बडानयागांव (तहसील हिण्डोली) एवं सकल जैन समाज जिला के पदाधिकारियों और समाजजनों ने पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार 12 जनवरी 2026 की रात्रि को अज्ञात चोरों ने बडानयागांव स्थित जैन मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिर से भगवान की प्रतिमा, सिंहासन, छत्र, पंचमेरु जी, 8 अष्ट प्रातिहार्य सहित लगभग 3 किलोग्राम चांदी चोरी कर ले गए थे।
घटना के तुरंत बाद 12 जनवरी 2026 को हिण्डोली थाने में एफआईआर संख्या 0023 दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद 19 जनवरी 2026 को भी समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले के शीघ्र निस्तारण की मांग की थी। उस समय प्रशासन की ओर से 2 से 4 दिनों में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है और चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
सकल जैन समाज बडानयागांव के अध्यक्ष रमेश चंद जैन के नेतृत्व में समाज के लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल पर हुई इस गंभीर चोरी की घटना से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए विशेष जांच टीमों का गठन किया जाए, ताकि चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी हो सके और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जा सके।
जैन समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि जैन समाज हमेशा शांतिप्रिय रहा है और सरकार व प्रशासन का सहयोग करता आया है। इसलिए प्रशासन को भी इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द इसका खुलासा करना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में सकल जैन समाज के संरक्षक संजय जैन, राजेंद्र जैन (रानीपुरा), महावीर धनोपिया, ओमप्रकाश जैन, दीपक जैन,



