राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जड़ावता के भौतिक विकास हेतु सामूहिक जनसहयोग से 55 हजार रुपए की राशि दान स्वरूप प्राप्त हुई है। यह सहयोग विद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करेगा।
उक्त सहयोग राशि का चैक विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवचरण मीणा द्वारा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने हेतु एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा गया।
एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनसहभागिता को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से विद्यालय विकास को नई गति मिल रही है तथा समाज में शिक्षा के प्रति विश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ रही है।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि प्राप्त 55 हजार रुपए के जनसहयोग पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 82 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रकार विद्यालय को कुल 1 लाख 37 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी। इस राशि का उपयोग विद्यालय में फर्नीचर क्रय, मरम्मत कार्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
इस अवसर पर एडी कालूराम बैरवा, प्रशासनिक अधिकारी भगवान माली, लेखा सहायक हेमंत बंसल तथा विद्यालय स्टाफ से दिनेश सिंह राजपूत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




