AC कंप्रेसर में विस्फोट के बाद नर्सरी में लगी भीषण आग
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी PIMS अस्पताल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में अचानक आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के समय नर्सरी में कुल 16 नवजात बच्चे मौजूद थे, जिनमें से केवल एक बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नर्सरी के अंदर लगे एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार आग पर अब काबू पा लिया गया है।
AC कंप्रेसर में विस्फोट के बाद फैली आग
रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की शुरुआत नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर के कंप्रेसर से हुई। कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई। चूंकि नर्सरी में नवजात बच्चे मौजूद थे, इसलिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और रेस्क्यू टीमों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग और धुएं के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। हादसे में 16 में से 15 नवजातों की जान चली गई, जबकि एक बच्चे को बचा लिया गया।
हादसे की जांच के लिए बनेगी कमेटी
घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराने का फैसला किया है। इसके लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी आग लगने की वजह, अस्पताल में मौजूद फायर सेफ्टी व्यवस्था और हादसे के दौरान अपनाए गए सुरक्षा उपायों की जांच करेगी।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग केवल AC सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि अस्पताल में आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरण और आपातकालीन व्यवस्था सही स्थिति में थी या नहीं।
PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल
PIMS यानी पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल बताया जाता है। करीब 140 एकड़ में फैले इस अस्पताल में लगभग 1,300 बेड हैं। यहां अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए कई मेडिकल सेंटर और विशेषज्ञ सुविधाएं मौजूद हैं।
अस्पताल परिसर में इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर सहित कई प्रमुख चिकित्सा केंद्र शामिल हैं।
PIMS के चिल्ड्रन्स अस्पताल में नवजात बच्चों के इलाज और NICU की सुविधा उपलब्ध है। वहीं मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था की गई है।
इस हादसे के बाद अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
AC सिस्टम में किन वजहों से हो सकता है ब्लास्ट?
AC के कंप्रेसर में विस्फोट जैसी घटना सामान्य नहीं होती। इसके पीछे कई तकनीकी कारण हो सकते हैं। हालांकि इस मामले में आग लगने की वास्तविक वजह जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
1. कंप्रेसर का ओवरहीट होना
AC का आउटडोर यूनिट गर्म वातावरण में लगातार काम करता है। लंबे समय तक लगातार चलने या सिस्टम में तकनीकी खराबी होने से कंप्रेसर का तापमान बढ़ सकता है।
अगर सिस्टम में दबाव और तापमान सामान्य सीमा से ज्यादा बढ़ जाए तो कंप्रेसर फेल होने और गंभीर नुकसान होने का खतरा पैदा हो सकता है।



