ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, किसानों ने नहर समस्या के समाधान की मांग उठाई
मांगरोल तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत ईश्वरपुरा मुख्यालय पर शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी तहसीलदार बृजेश कुमार सिहरा एवं सहायक प्रभारी कमल सिंह आमेरा ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को कई योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान 10 लाभार्थियों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा 3 जॉब कार्ड जारी किए गए तथा टीबी बीमारी से पीड़ित 2 मरीजों को पोषण किट प्रदान की गई। राजस्व विभाग द्वारा 2 रास्तों के विवादों का निस्तारण तथा 15 शुद्धिकरण नामांतरण के प्रकरणों का निपटारा किया गया। वहीं 20 किसानों का फार्मर आईडी पंजीकरण भी किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से 2 पशु बीमा क्लेम प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
शिविर में किसानों ने पार्वती मुख्य नहर की मुडिया माइनर में कथित अतिक्रमण और अवरोध की समस्या को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि माइनर में अवरोध होने के कारण नहर का पानी आगे तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे खेतों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो खरीफ फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।
किसानों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा मुडिया माइनर को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बरसात और सिंचाई के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है तथा खेतों में पानी भरने से फसलें खराब होने का खतरा रहता है।
पीड़ित किसान पंकज राठौर सहित अन्य किसानों ने तहसीलदार के नाम विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर माइनर को पक्का करवाने तथा अवरोध हटाने की मांग की। किसानों का कहना है कि इस समस्या से प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
शिविर में नायब तहसीलदार लोकेंद्र सिंह सोलंकी, बीडीओ सुरेश गोदारा, पंचायत प्रशासक हेमराज मीणा सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।




