ईरान की अमेरिका-इजरायल को चेतावनी, ऊर्जा ठिकानों पर हमले पर होगा बड़ा जवाब
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। तेहरान की ओर से कहा गया है कि यदि उसके ऊर्जा संयंत्रों, तेल और गैस भंडारों या बंदरगाहों को निशाना बनाया गया तो पूरे क्षेत्र में मौजूद ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के बिजली और ऊर्जा ढांचे पर हमला पूरे क्षेत्र को गंभीर संकट में डाल सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में मिडिल ईस्ट के कई महत्वपूर्ण तेल और गैस ठिकाने खतरे में आ सकते हैं, जिससे बड़े पैमाने पर विनाशकारी हालात बन सकते हैं।
आईआरजीसी की कड़ी चेतावनी
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी बयान जारी कर कहा है कि यदि अमेरिका और इजरायल के हमलों के दौरान ईरान के ऊर्जा संयंत्रों या बंदरगाहों को नुकसान पहुंचाया गया, तो उसका जवाब बेहद कड़ा होगा।
सरकारी मीडिया के अनुसार सेना के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान के ऊर्जा ढांचे पर मामूली हमला भी व्यापक सैन्य प्रतिक्रिया को जन्म दे सकता है। प्रवक्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि हमलावर देश और उसके सहयोगियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
पूरे क्षेत्र में फैल सकता है संकट
ईरानी अधिकारियों के अनुसार यदि संघर्ष और बढ़ता है तो यह केवल ईरान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे मिडिल ईस्ट के तेल-गैस नेटवर्क को प्रभावित कर सकता है। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर भी गहरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
अमेरिकी सेना के हमलों का दावा
अमेरिकी केंद्रीय कमान के मुताबिक संघर्ष शुरू होने के बाद से अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर हजारों सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। रिपोर्टों के अनुसार 5,500 से अधिक स्थानों पर हमले किए गए हैं, जिनमें कई समुद्री लक्ष्यों को भी शामिल बताया गया है।
अली लारीजानी का बड़ा बयान
अली लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि यदि ईरान के बिजली तंत्र को नुकसान पहुंचाया गया तो पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में आधे घंटे से भी कम समय में पूरा इलाका अंधेरे में डूब सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।




