डोडा में मलबे का सैलाब, नासिक का पुल बहा, पुणे डैम से पानी छोड़ा गया
देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं, पुल बह गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
डोडा में बाढ़ के साथ आया पत्थरों का सैलाब
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के साथ बड़े-बड़े पत्थरों का सैलाब भी आ गया। कई वाहन, मकान और दुकानें मलबे में दब गए। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
नासिक में त्र्यंबकेश्वर परिक्रमा मार्ग बहा
महाराष्ट्र के नासिक, मुंबई और पुणे में लगातार बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। नासिक में त्र्यंबकेश्वर के दो गांवों को जोड़ने वाला पुल तेज बहाव में बह गया। यह पुल श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के परिक्रमा मार्ग के रूप में भी इस्तेमाल होता था।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर त्र्यंबकेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की एंट्री अगले दो दिनों के लिए रोक दी है।
पुणे के खड़कवासला डैम से छोड़ा गया पानी
लगातार बारिश के कारण पुणे के खड़कवासला डैम से 27,303 क्यूसेक पानी मुथा नदी में छोड़ा गया है। इसके बाद नदी किनारे बसे गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील कर रहा है।
गुरुग्राम समेत कई शहरों में जलभराव
हरियाणा के गुरुग्राम सहित कई शहरों में भारी बारिश के कारण सड़कें पानी में डूब गईं। कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।




