पंच कुण्डीय हनुमत महायज्ञ में उमड़ा श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह
गंगा दशहरा पर आयोजित महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी
मांगरोल-बारां सड़क मार्ग स्थित श्री मंशापूर्ण बालाजी मंदिर, भटवाड़ा चौकी परिसर में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बुधवार को 13वां पंच कुण्डीय हनुमत महायज्ञ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ।
पंच कुण्डीय हनुमत महायज्ञ से जुड़े रविकांत मीणा एवं रामप्रसाद मीणा झाड़वा ने बताया कि बालाजी महाराज की कृपा से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गंगा दशहरा पर महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया।
महायज्ञ का आयोजन महंत विश्वनाथ पुरी जी महाराज, गादीपति खीमच एवं संत दीपक गिरी जी के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। पंडित देवेंद्र शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमानों ने हवन कुण्ड में आहुतियां अर्पित कर महायज्ञ की पूर्णाहुति की।
महायज्ञ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 10 क्विंटल शक्कर से तैयार की गई नुकती प्रसादी श्रद्धालुओं को वितरित की गई। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर भोजन प्रसादी करवाई गई।
धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और महाप्रसादी का लाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी भाईचारा एवं धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा मिलता है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




