हमीरपुर गौशाला में जल संरक्षण संगोष्ठी आयोजित, वर्षा जल संचयन के प्रति किया जागरूक
ग्राम पंचायत हमीरपुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में बुधवार को “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026” के तहत संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय जयपुर से निरीक्षण के लिए आईं सुनीता यादव ने जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
संगोष्ठी के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। यदि अभी से पानी बचाने और वर्षा जल संचयन की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में जल संकट और गहरा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर वर्षा जल संग्रहण की व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सुनीता यादव ने गौशाला में मौजूद गायों एवं वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने गौशाला में की जा रही गौसेवा एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने गौमाता के उपचार, पशुधन संरक्षण एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पशुधन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की।
कार्यक्रम में पंचायत समिति टोडारायसिंह के अतिरिक्त विकास अधिकारी परशुराम चौधरी, ग्राम पंचायत हमीरपुर की प्रशासक गीता देवी जाट, समाजसेवी गोवर्धन लाल जाट, गौशाला संचालक रामप्रसाद जाट, भाजपा नेता सुरेश खटाना, भाजपा नेता राजेश दायमा, पूर्व सरपंच कैलाश चौपड़ा, सीमा चौधरी, नाथूलाल सैनी, विनीत कुमार पंचोली (जेईएन), बद्रीलाल जाट, हरजीराम जाट, कालूराम जाट, रोडूलाल जाट, सुरजीत चौधरी और कैलाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण, गौसंवर्धन और ग्रामीण जनजागरण को लेकर सामूहिक सहभागिता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।




