जनसहयोग से विद्यालय विकास को मिली नई उड़ान, हलोंदा गुजरान विद्यालय को मिलेगा लगभग एक लाख रुपए का लाभ
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में जिले में संचालित अभिनव पहल "भविष्य की उड़ान" एवं मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षिक संसाधनों के विकास में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
इसी क्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय हलोंदा गुजरान (खंडार) में विद्यार्थियों के लिए बेहतर भौतिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामवासियों एवं विद्यालय स्टाफ के सहयोग से 40 हजार रुपए की राशि दान स्वरूप प्राप्त हुई है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा मीना ने यह सहयोग राशि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जमा कराने के लिए अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को सौंप दी।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 40 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 60 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को कुल मिलाकर लगभग एक लाख रुपए की राशि प्राप्त होगी।
प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय में आवश्यक मरम्मत कार्य, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने में किया जाएगा। इससे न केवल विद्यालय का भौतिक विकास होगा, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अधिक अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध हो सकेगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के माध्यम से आमजन की भागीदारी से विद्यालयों के विकास को गति मिल रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में संसाधनों का विस्तार हो रहा है और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
इस अवसर पर एपीसी समग्र शिक्षा शशिकला बंशीवाल, प्रधानाचार्य विद्याधर मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




