हाड़ौती क्षेत्र में कनेक्टिविटी और विकास को नई गति देने के लिए महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा जिले के इटावा खंड स्थित ढीपरी चम्बल और बूंदी जिले के चाणदा खुर्द के बीच चम्बल नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित 256 करोड़ रुपए के हाई लेवल ब्रिज का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर हाईलेवल ब्रिज के साथ सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कुल 281 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि चम्बल क्षेत्र में लगभग 30 किलोमीटर के दायरे में कई पुलों का निर्माण हो रहा है, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव लाएगा। झरेल पुल से सवाईमाधोपुर और शहनावदा के बीच संपर्क बेहतर होगा। साथ ही मध्यप्रदेश के पनवाड़ा के पास पार्वती नदी पर नया हाईलेवल ब्रिज भी बनाया जाएगा।
रेल और सड़क से जुड़ेगा क्षेत्र
बिरला ने कहा कि ढीपरी पुल बनने के बाद एक्सप्रेस-वे तक पहुंच आसान होगी। दिल्ली की दूरी करीब 4 घंटे और उज्जैन महाकाल मंदिर तक पहुंच लगभग 3.30 घंटे रह जाएगी। श्योपुर से दीगोद तक रेल कनेक्टिविटी के लिए सर्वे पूरा हो चुका है।
सरसब्ज होंगे किसान के खेत
कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि हाड़ौती और पूर्वी राजस्थान को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की सौगात मिलना ऐतिहासिक उपलब्धि है। लगभग 78 हजार करोड़ रुपये की लागत से राम जल सेतु (PKC-ERCP) परियोजना के माध्यम से राजस्थान के 21 जिलों तक पानी पहुंचेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ प्रभावित किसानों और गरीबों को मुआवजा दिलाना सरकार का संकल्प है, नकली खाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और फसल बीमा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
विकास कार्यों का लोकार्पण
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि क्षेत्र को 350 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। आज़ादी के बाद इतने व्यापक काम कभी नहीं हुए जितने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कार्यकाल में हो रहे हैं।
मौजूद प्रमुख लोग:
जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, इटावा प्रधान रिंकू मीणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार, पूर्व प्रधान विजय शंकर नागर, एसटी मोर्चा प्रदेश महामंत्री अशोक मीणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष पवन हाड़ा, जिला मंत्री सुल्तान बैरवा, लेखराज बैरवा, राजेश प्रजापति, वरिष्ठजन प्रमुख सीताराम मीणा, रणजीत आर्य, खातौली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सुमन, ढीपरी चम्बल अध्यक्ष मुकेश नागर और इंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष कैलाश गोचर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




