खानपुर क्षेत्र में भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया। इसके विरोध में विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान नगर के अटरू तिराहे से गुदरी चौराहे तक भाजपा प्रभारी के पुतले की शव यात्रा निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए गुदरी चौराहे पर पुतले का दहन किया।
विधायक सुरेश गुर्जर ने भाजपा प्रभारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी मति भ्रमित और भ्रष्ट हो चुकी है, जो इस प्रकार की अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन इस तरह के मनभेद और व्यक्तिगत टिप्पणियां प्रदेश की संस्कृति के खिलाफ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को प्रदेश प्रभारी बनाया है, जिसे राजस्थान की सांस्कृतिक परंपराओं की समझ नहीं है। गुर्जर ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मांग की कि भाजपा प्रभारी जल्द से जल्द सार्वजनिक रूप से सचिन पायलट से माफी मांगें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते माफी नहीं मांगी गई, तो आगे भाजपा प्रभारी के राजस्थान दौरे का विरोध और तेज किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष बालचंद मीणा, पूर्व सरपंच ललित राठौर, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल मीणा, ब्लॉक प्रवक्ता हनुमान रामावत, युवा कांग्रेस के शिवराज सिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




