गुजरात में शेरनी का हमला: 30 मिनट तक किसान पर झपटी रही, ग्रामीणों ने बचाई जान
गुजरात के भावनगर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किसान पर शेरनी ने हमला कर दिया। यह घटना पालिताना तालुका के गरजीया गांव में हुई। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे कालूभाई बोघाभाई परमार अपने घर के पास मवेशियों को चारा खिलाने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपी एक शेरनी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया और शेरनी ने उसे काफी देर तक जमीन पर दबोचे रखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसान लगभग 30 मिनट तक शेरनी के चंगुल में फंसा रहा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठियों, पत्थरों तथा शोर मचाकर शेरनी को वहां से हटाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद शेरनी का ध्यान दूसरी ओर गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायल किसान को तुरंत पालिताना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन समय पर रेस्क्यू होने से उसकी जान बच गई।
घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से शेरनी को सुरक्षित पकड़कर आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लोगों को जंगल या झाड़ियों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




