ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण, आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने कायम की बस्ती ग्रामीण सेवा शिविर में लाभार्थियों से किया संवाद
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने मंगलवार को शिव पंचायत समिति की कायम की बस्ती ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से रूबरू होकर शिविर में किए जा रहे कार्यों और योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित आमजन एवं कार्मिकों से संवाद कर निष्पादित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त होने वाली सभी परिवेदनाओं को गंभीरता से लिया जाए और राजस्व, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरण, दस्तावेज सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजनाओं, सड़क, बिजली एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिले तथा किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को योजनाओं से वंचित न रहना पड़े।
इस अवसर पर शिव उपखंड अधिकारी यक्ष चौधरी, तहसीलदार चतुरसिंह, विकास अधिकारी बनवारीलाल मीना सहित राजस्व, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर में स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता से उनकी समस्याओं का समाधान सरल और त्वरित हो रहा है।




