गोनेर जगदीश मंदिर में महिला के गले से 1.65 लाख का मंगलसूत्र चोरी, CCTV में कैद वारदात
जयपुर: मंदिर में दर्शन करने पहुंची महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि भीड़ के बीच कोई उसके गले से लाखों रुपये का मंगलसूत्र उड़ा ले जाएगा। जयपुर के गोनेर स्थित जगदीश महाराज मंदिर में एक महिला के गले से करीब 1.65 लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध युवती महिला के पीछे खड़ी होकर उसके गले में हाथ डालती और मंगलसूत्र तोड़कर ले जाती दिखाई दे रही है।
घटना 23 अगस्त दोपहर करीब 12:40 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार मंदिर में दर्शन करने पहुंचा था। उस समय मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर संदिग्ध युवती ने महिला को निशाना बनाया।
भीड़ में चुपके से तोड़ा मंगलसूत्र
पीड़ित विक्रम सैनी ने शिवदासपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। इसी दौरान एक युवती उनकी पत्नी ममता सैनी, उम्र 30 वर्ष के पीछे आकर खड़ी हो गई।
महिला ने मौका देखकर ममता सैनी के गले में हाथ डाला और मंगलसूत्र तोड़ लिया। भीड़ अधिक होने के कारण परिवार को तत्काल वारदात का पता नहीं चला। बाद में मंगलसूत्र गायब होने की जानकारी हुई तो मंदिर परिसर के CCTV फुटेज खंगाले गए।
CCTV में दिखी संदिग्ध युवती
CCTV फुटेज में एक युवती महिला के गले से मंगलसूत्र तोड़ते हुए दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपना चेहरा छिपा रखा था। पुलिस अब CCTV और दूसरे फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवती की पहचान करने में जुटी है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुए मंगलसूत्र का वजन करीब 10.830 ग्राम था और वर्तमान बाजार भाव के अनुसार उसकी कीमत करीब 1 लाख 65 हजार रुपये है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पीड़ित विक्रम सैनी की शिकायत पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम के अनुसार, पीड़ित की ओर से CCTV और अन्य फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवाए गए हैं। इन्हीं के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और आगे की कार्रवाई की जाएगी।



