श्री घोड़े वाले हनुमान मंदिर पर नौ दिवसीय अखंड रामायण पाठ प्रारंभ
अहिंसा सर्किल के समीप स्थित श्री घोड़े वाले हनुमान मंदिर में नवरात्र की प्रतिपदा से 9 दिवसीय अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। यह धार्मिक आयोजन पांच पंडितों द्वारा विधि-विधान के साथ प्रारंभ किया गया, जिसकी पूर्णाहुति 27 मार्च को होगी।
मंदिर के पुजारी पंडित भारतेंदु मेहता ने श्री घोड़े वाले हनुमान जी की प्रतिमा का पंचामृत स्नान कराकर चोला चढ़ाया और विशेष श्रृंगार किया। इसके बाद अखंड रामायण पाठ आरंभ हुआ, जो निरंतर जारी है।
श्री घोड़े वाले हनुमान विकास समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि यह आयोजन जनसहयोग से किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम को आरती, सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा पाठ तथा दर्शनार्थियों को प्रसाद वितरण किया जाता है।
शहर के मध्य स्थित होने के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन, पूजा-अर्चना और रामायण श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। रामायण चौपाइयों की मधुर स्वरलहरियों से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
मंदिर परिसर में भोलेनाथ परिवार भी विराजमान है, जहां श्रद्धालु नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। नवरात्र के अवसर पर मंदिर में विशेष श्रृंगार और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




