घाड़ कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार शाम एक अनियंत्रित टेलर ने जमकर उत्पात मचा दिया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिलें और कई दुकानों के बाहर लगे टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना शाम करीब 6 बजे हुई, जब टेलर चालक ने भीड़भाड़ वाले बाजार में लापरवाही से तेज गति में वाहन चलाया। अचानक हुए इस हादसे से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारी व राहगीर दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही घाड़ थाना प्रभारी हरिराम वर्मा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। सहायक उपनिरीक्षक (ASI) भैरुलाल जाट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भाग रहे टेलर का पीछा शुरू किया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए केदारा आश्रम के पास टेलर को रुकवा लिया और चालक विकास रेगर (निवासी घाड़) को हिरासत में ले लिया। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई में ASI भैरुलाल जाट, कांस्टेबल शंकर जाट और कांस्टेबल राजेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और संभावित बड़े हादसे को टालने पर राहत व्यक्त की। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है कि चालक नशे की हालत में था या किसी अन्य कारण से वाहन अनियंत्रित हुआ।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




