सवाई माधोपुर, 28 मार्च – राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘वंदे मातरम् @150’ विशेष चरण के तहत शनिवार को गंगापुर सिटी में जिला स्तरीय ‘रन फॉर नेशन’ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया।
जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी के खेल मैदान से हुआ। प्रतिभागी विभिन्न मार्गों से होते हुए उदेई मोड़ स्थित फल मंडी प्रांगण तक दौड़े।
मैराथन से पूर्व प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति की भावना ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर 1000 से अधिक प्रतिभागियों – युवाओं, छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और आमजन ने भाग लेकर देशभक्ति, एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर परिषद सभापति शिवरतन, प्रधान मंजू गुर्जर, पुलिस उपाधीक्षक गिरिराज सिंह, विकास अधिकारी जगदीश गुर्जर, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है और ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध को प्रोत्साहित करते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिसमें चिकित्सा दल और सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही। मार्ग में प्रतिभागियों के उत्साह और देशभक्ति नारों से पूरा शहर गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




