11 करोड़ की लागत से 26 गांवों की सिंचाई व्यवस्था होगी मजबूत
मांगरोल क्षेत्र में दांयी मुख्य चंबल नहर से जुड़ी गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत हो गई है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से टेल क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंचने के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
कनिष्ठ अभियंता मुकेश वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना के जीर्णोद्धार के लिए 11 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। परियोजना के तहत 125 एचपी की जगह 150 एचपी क्षमता की छह नई मोटरें लगाई जा रही हैं। साथ ही पंप हाउस की जर्जर छत को हटाकर नई शटरिंग के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान होने वाली समस्या समाप्त होगी।
जानकारी के अनुसार यह सिंचाई परियोजना 26 किलोमीटर लंबी है, जिससे 15 माइनर और 2 सब माइनर के माध्यम से खेतों तक सिंचाई जल पहुंचाया जाता है। परियोजना से मांगरोल तहसील के 17 गांव और कोटा जिले की पीपल्दा तहसील के 9 गांव लाभान्वित होंगे। इससे लगभग 6900 हेक्टेयर कृषि भूमि को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है। कनिष्ठ अभियंता की निगरानी में जीर्णोद्धार कार्य तेजी से जारी है, जिससे किसानों को भविष्य में बेहतर सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।




