एफआरटी कर्मचारियों ने वेतन व सुविधाओं को लेकर उठाई आवाज, एईएन को सौंपा ज्ञापन
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के अंतर्गत कार्यरत एफआरटी (फॉल्ट रिपेयरिंग टीम) कर्मचारियों ने वेतन विसंगति, श्रम नियमों की अनदेखी और आवश्यक सुविधाओं के अभाव को लेकर कार्य बहिष्कार कर सहायक अभियंता (एईएन), जेवीवीएनएल टोडारायसिंह को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि संध्या एण्ड कंपनी के माध्यम से उनसे 11 केवी एवं एलटी लाइन से संबंधित कार्य करवाया जा रहा है, लेकिन निर्धारित मानकों के अनुरूप वेतन और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि लाइनमैन को मात्र 8,500 रुपये तथा हेल्पर को करीब 7,000 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। इसके अलावा पूरे 30 दिन कार्य लेने के बावजूद वेतन केवल 26 दिनों का ही दिया जाता है।
कर्मचारियों ने नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही समय पर वेतन भुगतान, उचित वेतन वृद्धि, सुरक्षा उपकरण और प्रतिवर्ष यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
एफआरटी कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान ज्ञापन पर छोटू सैनी, रामनिवास सैनी, रामदेव, सावरा, राजेश कुमार सैनी, शंकर गुर्जर, सुरेंद्र सिंह, हरीराम, मनोज जांगिड़, शाहरुख, रामप्रसाद, लेखराज सैनी, दौलत, चौथमल सैनी और भागचंद सैनी सहित अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




