उदयपुर जिले के भींडर उपखंड क्षेत्र में जलदाय विभाग में कार्यरत एक जूनियर इंजीनियर (जेईएन) को फर्जी एमटेक डिग्री के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी दुर्गाशंकर मेनारिया वर्तमान में जलदाय विभाग में जेईएन पद पर कार्यरत था। एसओजी की जांच में सामने आया कि उसने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया के दौरान हिमाचल प्रदेश स्थित मानक भारतीय विश्वविद्यालय, सोलन की कथित एमटेक डिग्री प्रस्तुत कर स्वयं को अधिक योग्य दर्शाया था।
एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि वर्ष 2018-19 में आरपीएससी द्वारा समूह अनुदेशक सहित विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली गई थी। दस्तावेज सत्यापन के दौरान तकनीकी शिक्षा निदेशालय को आरोपी की डिग्री संदिग्ध लगी। इसके बाद विश्वविद्यालय से सत्यापन करवाया गया, जिसमें पता चला कि संबंधित एमटेक डिग्री कभी जारी ही नहीं की गई थी और वह पूरी तरह फर्जी थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी फर्जी डिग्री के आधार पर अनुभव प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया था। मामले के खुलासे के बाद एसओजी में प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
एसओजी अब फर्जी डिग्री तैयार करने वाले नेटवर्क, दलालों तथा आरोपी की बीटेक डिग्री सहित अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों की भी गहन जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram:




