जोकोविच ने विंबलडन में रचा इतिहास, 5 घंटे 15 मिनट की जंग के बाद सेमीफाइनल में एंट्री
टेनिस जगत के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने विंबलडन 2026 में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। 39 साल के जोकोविच ने टूर्नामेंट इतिहास का सबसे लंबा पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
सेंटर कोर्ट पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में जोकोविच ने कनाडा के 14 साल छोटे खिलाड़ी फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 5 घंटे 15 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में 7-6 (10), 3-6, 6-3, 6-7 (4), 7-6 (4) से हराया।
इस जीत के साथ जोकोविच ने 2008 में बने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले विंबलडन पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल का सबसे लंबा मुकाबला रेनर शुटलर और अरनो क्लेमेंट के बीच हुआ था, जो 5 घंटे 12 मिनट तक चला था।
मुकाबले का फैसला पांचवें सेट के सुपर टाई-ब्रेक में हुआ। इस दौरान 22 शॉट की लंबी रैली मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बनी। जोकोविच ने शानदार डिफेंस दिखाते हुए ऑगर-अलियासिमे को कोर्ट के दोनों कोनों पर दौड़ाया और आखिर में कनाडाई खिलाड़ी का फोरहैंड बाहर चला गया।
इस जीत के साथ जोकोविच ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह ओपन एरा में सबसे ज्यादा 5 सेट वाले ग्रैंड स्लैम मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपना 50वां पांच सेट का ग्रैंड स्लैम मैच खेलकर स्टेन वावरिंका के 49 मुकाबलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
जोकोविच लगातार आठवीं बार विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। उन्होंने इस मामले में रोजर फेडरर के लगातार सात सेमीफाइनल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
अब सेमीफाइनल में उनका सामना दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी और डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर से होगा। सिनर ने क्वार्टर फाइनल में जान-लेनार्ड स्ट्रफ को हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई है।




