दिल्ली के रेस्टोरेंट में करंट से वर्कर की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा
राजधानी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले 28 वर्षीय वर्कर की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए रेस्टोरेंट को सील कर दिया है और मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू (28) के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन वर्षों से रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। शनिवार देर रात पीसीआर कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बबलू अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसा करंट लगने से हुआ। घटना के बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया ताकि जांच के दौरान किसी भी तरह के सबूतों से छेड़छाड़ न हो सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा बिजली व्यवस्था में लापरवाही, खराब वायरिंग या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ या नहीं।
जांच के दौरान मिले शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




