15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकियों से हड़कंप
स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले दिल्ली में एक के बाद एक बम धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी के छह संवेदनशील स्थानों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी की जानकारी सामने आते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं।
जिन स्थानों को धमकी मिली है, उनमें दिल्ली हाई कोर्ट, IGI एयरपोर्ट का टर्मिनल-3, जामनगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, साकेत SDM ऑफिस और दिल्ली कैंट SDM ऑफिस शामिल हैं। इन सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अलग-अलग समय पर मिले धमकी भरे ई-मेल
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से बम की धमकियों की सूचनाएं सामने आईं। सबसे पहले दिल्ली हाई कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की धमकी मिली। इसके बाद सुबह करीब 11:18 बजे दिल्ली कैंट SDM ऑफिस, 11:32 बजे IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3, 11:40 बजे जामनगर हाउस, 11:42 बजे साकेत SDM ऑफिस और 11:57 बजे झंडेवालान बिल्डिंग को लेकर धमकी मिली।
एक के बाद एक सामने आई इन सूचनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सभी स्थानों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस और बम स्क्वॉड ने शुरू की जांच
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को संबंधित स्थानों पर भेजा गया। सुरक्षा टीमों ने कई जगहों पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।
एयरपोर्ट जैसे बेहद संवेदनशील स्थान पर भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली पुलिस पहले से ही राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। ऐसे में एक साथ कई प्रमुख स्थानों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं।
धमकी भेजने वाले की तलाश
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरे ई-मेल कहां से भेजे गए और इनके पीछे किसका हाथ है। ई-मेल की तकनीकी जांच भी की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि सभी धमकियों के बीच कोई कनेक्शन है या नहीं।




