दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर ट्रेलर में लगी भीषण आग, जोरदार धमाके से दहशत
दौसा-मनोहरपुर हाईवे-148 पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। फूटोलाव मोड़ के पास दौसा की ओर से मनोहरपुर जा रहे एक ट्रक ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग का गोला बन गया और कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब 9 बजे की है। ट्रेलर में अचानक आग लगने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि आग इतनी विकराल थी कि पूरा ट्रेलर जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आंधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की वजह से हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर पानी के टैंकर मंगवाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग तकनीकी खराबी से लगी या किसी अन्य कारण से। थाना अधिकारी विक्रांत शर्मा ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस घटना के बाद हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल देखा गया। पुलिस ने स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया। आग और धमाके की इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर किया है।




