दौसा में बड़ा हादसा टला: पेट्रोल पंप में घुसी बेकाबू स्लीपर बस, 3 घायल
राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से आगरा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस की स्टेयरिंग अचानक फेल हो गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल-सीएनजी पंप की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खेत में जा घुसी। हादसे में बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए।
यह घटना मानपुर थाना क्षेत्र में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित संवास पेट्रोल-सीएनजी पंप के पास सुबह करीब 7 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी। अनियंत्रित बस पेट्रोल पंप परिसर में घुसते हुए सुरक्षा दीवार तोड़कर खेत में जाकर रुकी।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बस पेट्रोल और सीएनजी डिस्पेंसिंग मशीनों के बेहद करीब से गुजरती दिखाई दे रही है। राहत की बात यह रही कि बस मशीनों से नहीं टकराई, जिससे संभावित बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि टल गई।
सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल तीनों यात्रियों को उपचार के लिए सिकराय उपजिला अस्पताल भेजा गया। बाद में क्रेन की सहायता से बस को घटनास्थल से हटाया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा बस की स्टेयरिंग फेल होने के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।




