दत्तवास क्षेत्र में हिंदी माध्यम की पढ़ाई की सुविधा नहीं होने से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए आसपास कोई भी हिंदी माध्यम का सरकारी विद्यालय उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अभिभावकों को मजबूरी में बच्चों को 8 किलोमीटर दूर या निजी स्कूलों में भेजना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय दत्तवास में केवल अंग्रेजी माध्यम संचालित होने के कारण कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले छात्र भी अन्यत्र जाने को विवश हैं। इस स्थिति में करीब 125 बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे हिंदी माध्यम में पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन विकल्प न होने से उन्हें निजी विद्यालयों का रुख करना पड़ रहा है।
इस संबंध में ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक समाधान नहीं निकाला गया तो विद्यालय पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान मुकेश सोनी, सूरज स्वामी, मीठालाल मीणा, गुमान सिंह, भरत मीणा, गन्नू शर्मा, श्योकत अली, मोती मीणा, मनमोहन मीणा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




