दासपा हाईवे पर बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बड़ा हादसा टला
भीनमाल से करीब एक किलोमीटर दूर दासपा हाईवे पर बुधवार को बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक असंतुलित होकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में बजरी भरी हुई थी। असंतुलन के कारण वाहन सड़क पर पलट गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने समय रहते सतर्कता बरतते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने अवैध बजरी परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि कई चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं और मोबाइल फोन पर बात करते हुए या तेज आवाज में गाने बजाकर लापरवाही से वाहन संचालन करते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अवैध बजरी परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




