दादू प्रोफेसर कॉलोनी बीच सड़क में भरा बरसाती पानी, मोहल्लेवासी परेशान
गत दिनों हुई बेमौसम बारिश के बाद शहर की कई गलियों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है। ऐसा ही एक मामला शहर के देवपुरा स्थित वार्ड संख्या 28 की दादू प्रोफेसर कॉलोनी में सामने आया है, जहां सड़क के बीच बरसाती पानी भर जाने से स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बारिश के बाद घरों के बाहर पानी जमा हो गया है, जिससे आए दिन मोहल्लेवासी और राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी कई बार वार्ड पार्षद को दी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर आतिश जैन, योगेश, नरेश जैन, अनिल जैन, रतन एवं हिमांशु जैन सहित अन्य रहवासियों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि लगभग पांच वर्ष पहले सड़क निर्माण होने के बावजूद सड़क का लेवल सही नहीं रखा गया, जिसके कारण बरसाती पानी सड़क के बीच जमा हो जाता है।
रहवासियों के अनुसार क्षेत्र में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बन जाती है। सड़क पर लंबे समय तक पानी भरा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। साथ ही लोगों में सड़क पर फिसलकर घायल होने की आशंका भी बनी रहती है।
मोहल्लेवासियों ने नगर परिषद एवं प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था कर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




