जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को गैंगकेनल प्रणाली में निर्धारित जल आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद निवास से रोष मार्च निकालकर राज्य सरकार के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूपिंदर सिंह रूबी, सांसद कुलदीप इंदौरा, रायसिंहनगर विधायक सोहन नायक, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश शर्मा ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गैंगकेनल प्रणाली में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा निर्धारित 2500 क्यूसिक पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे किसानों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अघोषित पानी कटौती पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की।
रोष मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जल संकट के समाधान की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति काफी हद तक नहर प्रणाली पर निर्भर है, ऐसे में पानी की कटौती से हजारों किसानों की फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गैंगकेनल प्रणाली में निर्धारित 2500 क्यूसिक पानी उपलब्ध कराने तथा अघोषित कटौती को तत्काल समाप्त करने की मांग की।
प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




