छात्रों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' अभियान आयोजित
बूंदी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत शनिवार को राजकीय महाविद्यालय के सामने स्थित रणजीत निवास में कार्यक्रम एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं जिला प्रभारी डॉ. विजेंद्र सिंह सिद्धू ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा।
डॉ. सिद्धू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाना है। उन्होंने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा समय पर भर्ती परीक्षाएं नहीं होने से युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव पर चिंता जताई। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त कमियों को दूर करने और युवाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने की मांग की।
कार्यक्रम में सह प्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला, जिला अध्यक्ष महावीर मीणा, सांसद प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी, बूंदी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकरण मीणा, जगरूप सिंह रंधावा, पूर्व प्रधान मधु वर्मा, राजीव लोचन गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व बीज निगम निदेशक चरमेश शर्मा ने किया।




