राज्य सरकार की त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत चड़ी के सेवा केंद्र में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने इस जनसुनवाई में शिरकत कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 20 परिवाद प्रस्तुत किए गए। संभागीय आयुक्त ने सभी परिवादों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को तय समय सीमा में राहत पहुंचाने की हिदायत दी। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ऋतु राज शर्मा, तहसीलदार रवि शर्मा सहित समस्त विभागों के उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएचसी केशोरायपाटन का औचक निरीक्षण:
जनसुनवाई के बाद संभागीय आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशोरायपाटन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान अनावश्यक रूप से चल रहे बिजली उपकरणों पर नाराजगी जताई और उन्हें तुरंत बंद करने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने आपातकालीन सेवाओं का ड्यूटी चार्ट नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से लगाने के साथ-साथ ओपीडी और आईपीडी में मरीजों और परिजनों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मौसमी बीमारियों पर सतत निगरानी रखने और उनकी रोकथाम के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा। चिकित्सालय परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं और नियमों की जानकारी अपडेट फ्लेक्स बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में गठित आरएमआरएस कमेटी की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने की हिदायत दी गई।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




