विश्व योग दिवस से पूर्व बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने खेल संकुल बूंदी में विधायक कोष से स्वीकृत 14.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित योगा प्लेटफार्म का विधिवत लोकार्पण कर इसे योग साधकों और आमजन को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने नियमित मॉर्निंग वॉक और योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक हरिमोहन शर्मा ने फीता काटकर योगा प्लेटफार्म का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफार्म बूंदीवासियों के लिए एक विशेष सौगात है, जिससे खेल संकुल में प्रतिदिन आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में भी इस प्लेटफार्म का उपयोग योग और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
विधायक शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में मॉर्निंग वॉक और योग को शामिल करना चाहिए। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में खेल संकुल के पदाधिकारियों, योग साधकों और आमजन ने विधायक हरिमोहन शर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन किया। योग समिति की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी, उपसभापति लटूर भाई, वरिष्ठ वार्ड पार्षद टीकम जैन, समाजसेवी कुंज बिहारी बिल्या, रामावतार नोसालिया, ओबीसी जिला अध्यक्ष बृजमोहन यादव, वार्ड पार्षद प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, संजय शर्मा, मुकेश जैन, कोच सुरेंद्र सिंह, शिवम गुर्जर, गिरधर शर्मा, राघव शर्मा, छुट्टन लाल शर्मा, घनश्याम दुबे, विट्ठल सन्नाठय, रोहिताश्व शर्मा, नूतन तिवारी, जावेद, शाहीद, शोएब खान, योग गुरु दीपक गुर्जर, भूपेंद्र योगी, शक्ति तोषनीवाल, लोकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




