21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को बूंदी में जनजागरण अभियान का शुभारंभ किया गया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर “स्वच्छ बूंदी, सशक्त बूंदी” का उद्घोष करते हुए पीले चावल वितरण एवं पोस्टर विमोचन कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव को पीले चावल भेंट कर एवं पोस्टर का विमोचन करवाकर किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने 21 जून को आयोजित होने वाले जिले के भव्य योग कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए योग दिवस को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद अलग-अलग टीमों का गठन कर जिला कलेक्ट्रेट परिसर, नवजीवन कॉलोनी, सुभाष नगर तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पीले चावल वितरित किए गए और नागरिकों को योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा समिति बूंदी के शहर अध्यक्ष अशोक शर्मा, उपाध्यक्ष अवधेश शर्मा, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की जिला अध्यक्ष अरुणा चतुर्वेदी, पेंशनर समाज के जिला अध्यक्ष घनश्याम दुबे, प्रबोधक संघ के जिला अध्यक्ष नूतन तिवारी तथा समग्र शिक्षा विभाग से राजेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मेघा बाहेड़िया, पार्वती मीणा, कल्पना शर्मा, नीरू चतुर्वेदी, मधु मंडोवरा, पायल राठौर सहित कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बूंदी जिले की जनता से 21 जून को आयोजित विशाल योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




