बूंदी जिले के महत्वपूर्ण विकास कार्यों एवं परियोजनाओं तथा बजट घोषणा 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लोकसभा सचिवालय के संयुक्त सचिव गौरव गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। गौरव गोयल ने निर्देश दिए कि अप्रारंभ कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र शुरू कराया जाए तथा प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने मेज नदी पर निर्माणाधीन हाई लेवल ब्रिज के शेष कार्यों को प्राथमिकता से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को शीघ्र सुविधा मिल सके। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना बनाकर लंबित कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गौरव गोयल ने पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने पर नाराजगी जताते हुए रिडकोर ओवरब्रिज को तुरंत दुरुस्त करवाने और पुलिया पर डामरीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अवाप्ति प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी परियोजनाओं को धरातल पर लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए।
उन्होंने बूंदी शहर में स्वीकृत तीन नए जीएसएस के निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने, पीएम सूर्य घर योजना एवं आदर्श सोलर ग्राम योजना के लक्ष्यों को हासिल करने और कृषि कनेक्शन के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएसआर, माडा, सांसद-विधायक कोष, मनरेगा, श्मशान विकास, इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी सड़क निर्माण और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना की भी समीक्षा की गई।
संयुक्त सचिव ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पानी, बैठने की व्यवस्था और हीटवेव को देखते हुए दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था और स्टॉक उठाव में तेजी लाने पर भी जोर दिया।




