शहर के बालचंद पाड़ा स्थित नागपाश गणेश मंदिर में सेव बर्ड्स प्रकल्प के तहत उमंग संस्थान द्वारा संचालित परिंडा अभियान का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सविता लौरी ने की। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश कुमावत, सामाजिक कार्यकर्ता रितेष झा और शशांक व्यास मौजूद रहे।
इस मौके पर डॉ. सविता लौरी ने कहा कि बढ़ती गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षियों में भी भावनाएं होती हैं और वे अपनी जरूरतों के लिए इंसानों पर निर्भर रहते हैं।
संस्थान के उपाध्यक्ष लोकेश कुमार जैन ने कहा कि पशु-पक्षी हमारी संस्कृति के अभिन्न अंग हैं और उनकी सुरक्षा व संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। हमें प्रकृति संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष डॉ. सविता लौरी ने श्रीफल अर्पित कर अभियान की शुरुआत की और मंदिर परिसर में पांच परिंडे बांधकर सभी को अपने आसपास पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का संकल्प दिलाया। स्थानीय उपासक ओमप्रकाश कुशवाह ने नियमित जल सेवा की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
संयोजक कुश जिंदल ने बताया कि यह अभियान पिछले 14 वर्षों से निरंतर चल रहा है। हर वर्ष 20 मार्च (विश्व गौरैया दिवस) से जून तक संस्थान द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की जाती है। साथ ही इस कार्य में भाग लेने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र और उपहार भी दिए जाते हैं।
इस अवसर पर सचिव डॉ. सर्वेश तिवारी, समन्वयक कृष्णकांत राठौर, राकेश माहेश्वरी, अनुराधा जैन, महावीर सोनी सहित कई सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सचिव डॉ. सर्वेश तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




