बूंदी स्थापना दिवस पर गढ़ गणेश पूजा से कार्यक्रमों का शुभारंभ
छोटी काशी बूंदी के 785वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ धार्मिक वातावरण में गढ़ गणेश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित विश्वनाथ द्वारा शहनाई की मधुर स्वर लहरियों के बीच वैदिक मंत्रोच्चार से कराई गई। इस दौरान जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव एवं पूर्व राजपरिवार सदस्य वंशवर्धन सिंह ने गढ़ गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने बूंदी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बूंदी शहर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है तथा यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार एवं प्रशासन द्वारा बूंदी को पर्यटन एवं वाइल्डलाइफ पर्यटन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा, जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह, पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी, इंटैक संयोजक राजकुमार दाधीच, पुरुषोत्तम पारीक, राजेंद्र भारद्वाज, पीयूष पाचक, अशोक तलवास, जे.पी. त्रिपाठी, मनीष सिसोदिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक आरती में भाग लेकर बूंदी शहर की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्थापना दिवस के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।




