केंद्र सरकार के “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत शिक्षा मंत्रालय एवं अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित युवा संगम कार्यक्रम के फेज-6 में बूंदी के बालचंद पाड़ा निवासी शिखर पंचोली का चयन हुआ है।
रामेष्ट युवा मंडल के अध्यक्ष शिखर पंचोली अब शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान यात्रा के तहत कर्नाटक में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका यह चयन बूंदी जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने शिखर को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास, भाषा कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं।
इस कार्यक्रम के तहत राजस्थान से चयनित युवा 8 से 16 मई 2026 तक कर्नाटक के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, धारवाड़ का अध्ययन भ्रमण करेंगे। इस यात्रा के लिए प्रेषक संस्थान मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर है। प्रतिभागियों को 7 मई को जयपुर में आयोजित ओरिएंटेशन एवं फ्लैग-ऑफ समारोह में भाग लेना होगा।
युवा विकास कार्यक्रम से जुड़े भूपेंद्र योगी ने बताया कि इस दौरान प्रतिभागियों को पर्यटन, परंपरा, प्रगति, प्रौद्योगिकी और जनसंपर्क जैसे विषयों पर आधारित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों में संवाद, औद्योगिक भ्रमण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और ऐतिहासिक स्थलों का अध्ययन भी कराया जाएगा।
शिखर पंचोली ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को अपने अनुभवों पर आधारित लेख तैयार करना होगा और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गतिविधियों का प्रसार भी करना होगा।
उनका यह चयन राष्ट्रीय स्तर पर बूंदी के युवाओं की प्रतिभा और सहभागिता को नई पहचान दिलाएगा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




