बूंदी में ईमानदारी की मिसाल, मिला पर्स मालिक को लौटाया
तिरुपति विहार, छतरपुरा निवासी महावीर गुर्जर ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय देते हुए सड़क पर मिला नकदी से भरा पर्स उसके वास्तविक मालिक को सकुशल लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7 बजे महावीर गुर्जर मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे। इसी दौरान राठौर छात्रावास के पास सड़क पर उन्हें एक पर्स पड़ा मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें लगभग 5,000 रुपये नकद और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले।
दस्तावेजों के आधार पर महावीर गुर्जर ने पर्स मालिक की पहचान चंद्रप्रकाश राठौर पुत्र नारायण राठौर, निवासी लीलेड़ा के रूप में की। इसके बाद उन्होंने तत्काल संपर्क कर पर्स मालिक को सर्किट हाउस तिराहे पर बुलाया और उसका पर्स नकदी एवं अन्य दस्तावेजों सहित सुरक्षित लौटा दिया।
अपना खोया हुआ पर्स वापस पाकर चंद्रप्रकाश राठौर ने महावीर गुर्जर का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी महावीर गुर्जर की ईमानदारी की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो मानवता, नैतिकता और ईमानदारी के मूल्यों को सर्वोपरि मानते हैं। महावीर गुर्जर का यह कार्य युवाओं और आमजन के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




