स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सख्त निर्देश
जिला अस्पताल और जनाना अस्पताल में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राज्य स्तर से पहुंचे आरजीएचएस के संयुक्त निदेशक एवं जिला प्रभारी डॉ. वासुदेव मिश्रा ने शनिवार अलसुबह जिला अस्पताल और जनाना अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत को बारीकी से परखा। अचानक हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में व्यवस्थाओं को लेकर तत्काल सक्रियता देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. ओ.पी. सामर, पीएमओ डॉ. एल.एन. मीणा एवं एडिशनल सीएमएचओ डॉ. कमलेश शर्मा भी मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. सामर ने बताया कि डॉ. मिश्रा ने सबसे पहले जनाना अस्पताल पहुंचकर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी चिकित्सक डॉ. लक्ष्मी मीणा से विस्तार से चर्चा की तथा ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम की साफ-सफाई और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं, मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का फीडबैक लिया तथा उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी भी प्राप्त की।
इसके बाद डॉ. मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर, सोनोग्राफी सेंटर, लेबोरेट्री, मदर लैब, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, शौचालय और पेयजल व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को जल्द दूर करने के लिए उन्होंने पीएमओ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. सामर ने बताया कि डॉ. मिश्रा पहले भी जिले के चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर चुके हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




