बूंदी में सात नवनिर्मित भाजपा कार्यालयों के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर शामिल रहे। इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने टोंक से किया। साथ ही दौसा और जालौर में भाजपा कार्यालयों की आधारशिला भी रखी गई।
बूंदी के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भीलवाड़ा-हिंडोली सांसद दामोदर अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि कार्यालय केवल ईंट और बालू की संरचना नहीं होते, बल्कि यह विचार और संकल्प का केंद्र होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शॉर्टकट राजनीति से बचने की अपील की और कहा कि राजनीति 100 मीटर रेस नहीं, बल्कि एक लंबी दौड़ है जिसमें धैर्य और क्षमता की परीक्षा होती है।
उन्होंने संगठन के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा एक समय दो सांसदों वाली पार्टी थी, लेकिन आज यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, जो कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के बाद जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने बूंदी भाजपा कार्यालय का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री योगेंद्र श्रंगी ने किया। पूरे आयोजन में संगठनात्मक उत्साह और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




