12 सितंबर को सुबह 9:30 से रात 9:30 बजे तक रहेगा असर
दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या डायवर्ट रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें और जहां संभव हो, निजी वाहनों की जगह मेट्रो का इस्तेमाल करें।
12 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित रहेंगी, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था संभालने के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट निर्धारित किए हैं।
मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाले सावधान
दीन दयाल उपाध्याय चौक से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। राम चरण अग्रवाल चौक पर कमर्शियल वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा मीर दर्द चौक से महाराजा रणजीत सिंह मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा।
कस्तूरबा गांधी मार्ग और आउटर सर्किल से सी-हेक्सागन की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। वहीं, जनपथ-कनॉट प्लेस से सी-हेक्सागन की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी दूसरे मार्गों पर भेजा जाएगा।
पटेल चौक से लेकर धौला कुआं तक असर
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार पटेल चौक से विंडसर प्लेस और आरबीआई की तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट से मदर टेरेसा क्रिसेंट और तालकटोरा रोड की तरफ जाने पर भी रोक रहेगी।
वंदे मातरम मार्ग और साइमन बोलिवर मार्ग पर भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी। धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग की तरफ डायवर्जन रहेगा, जबकि मोती बाग फ्लाईओवर से शांति पथ की तरफ जाने वाले ट्रैफिक पर प्रतिबंध रहेगा।
ये सड़कें भी रहेंगी प्रभावित
BRICS Summit के दौरान ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग से अफ्रीका एवेन्यू की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। मदरसा टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
इसके अलावा अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स म्यूलर मार्ग, महार्षि रमण मार्ग और आर्च बिशप मैकारियास मार्ग पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा।
भैरों मार्ग और मंडी हाउस पर भी डायवर्जन
अंडर लोधी फ्लाईओवर से मथुरा रोड की ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। नीला गुंबद से ओबेरॉय फ्लाईओवर और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग की ओर जाने पर रोक रहेगी। अंडर ओबेरॉय फ्लाईओवर से मथुरा रोड पर भी डायवर्जन रहेगा।
डीपीएस, मथुरा रोड के सामने यू-टर्न से भारत मंडपम की ओर जाने वाले ट्रैफिक को दूसरे मार्ग पर भेजा जाएगा। रिंग रोड और भैरों रोड से भैरों मार्ग की तरफ जाने वाला ट्रैफिक भी डायवर्ट रहेगा। मंडी हाउस से फिरोज शाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग की तरफ भी डायवर्जन लागू रहेगा।
दिल्ली पुलिस की लोगों से अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि अगर जरूरी न हो तो इन प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें। यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और ट्रैफिक पुलिस की ओर से बताए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने खास तौर पर लोगों से मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है। एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।



