डीसा, 14 मार्च। ब्रह्माकुमारीज़ के राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत सुरक्षा सेवा प्रभाग द्वारा “Self Empowerment to Nation Empowerment” योजना के तहत Mental Health & Well Being Program के गुजरात अभियान का शुभारंभ मेहसाणा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के गोडली पैलेस में किया गया।
जानकारी देते हुए शशिकांत त्रिवेदी ने बताया कि विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में कार्यरत कर्मियों में बढ़ते तनाव को आध्यात्मिकता के माध्यम से दूर करने के उद्देश्य से पूरे गुजरात में इस अभियान की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम में लगभग 100 जवानों के साथ कई अधिकारियों ने भी भाग लेकर प्रशिक्षण का लाभ लिया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ मेहसाणा की राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरला दीदी ने जवानों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सुरक्षा सेवाओं में अनुशासन और शिष्टाचार जैसी अनेक विशेषताएँ होते हुए भी व्यक्तित्व विकास में आध्यात्मिकता की कमी रह जाती है। आध्यात्मिक ज्ञान हमें यह सिखाता है कि हम अजर-अमर, अविनाशी, ज्ञान, सुख, शांति, प्रेम, पवित्रता और शक्ति से भरपूर आत्मा हैं।
उन्होंने कहा कि परमपिता परमात्मा से बुद्धि का संबंध जोड़ना ही योग है, जिससे जीवन में शक्ति प्राप्त होती है और व्यक्तित्व का विकास होता है।
इस दौरान आरपीएफ अहमदाबाद के एएससी संजय चौधरी ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यहाँ से हमें ऐसी सीख लेकर जाना है जो भविष्य में हमारे जीवन में उपयोगी सिद्ध हो। सीआईएसएफ मेहसाणा के डीसी प्रेम एम.जे. ने कहा कि सकारात्मक विचारों को अपनाकर हम अपनी ड्यूटी निभाते हुए तनावमुक्त जीवन जी सकते हैं। वहीं बीएसएफ मेहसाणा के डीसी अरुण शर्मा ने कहा कि समाज में कई लोग दूसरों से तुलना करने के कारण दुखी रहते हैं, इसलिए मन को सकारात्मक और नियंत्रित रखना जरूरी है।
माउंट आबू से पधारे ब्रह्माकुमार कमलभाई ने Self Empowerment विषय पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपयोगी जानकारी दी। ब्रह्माकुमारी दीपा बहन ने राजयोग मेडिटेशन की जानकारी देकर सभी को प्रैक्टिकल अनुभव कराया, जबकि ब्रह्माकुमार दीपकभाई ने अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर अभियान यात्रियों को कलश, पट्टा और परमात्मा का शिव ध्वज भेंट कर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी अतिथियों और जवानों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। कुमारी प्राची ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया।
सेवानिवृत्त एसीपी ब्रह्माकुमार विनयभाई शुक्ल ने आभार व्यक्त किया। सेवानिवृत्त कर्नल तथा ब्रह्माकुमारीज़ आबूरोड के मुख्य सुरक्षा इंचार्ज ब्रह्माकुमार भुवन चंद्र सतीजी ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया।




