लेखा-जोखा नहीं मिलने पर वार्ड पंचों ने सौंपा ज्ञापन
तहसील क्षेत्र की बोहत ग्राम पंचायत में पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों का लेखा-जोखा नहीं मिलने तथा कथित अनियमितताओं के विरोध में वार्ड पंचों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बोहत ग्राम पंचायत के राजीव गांधी सेवा केंद्र परिसर में पंचायत समिति मांगरोल के विकास अधिकारी के आदेशानुसार शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई थी। हालांकि बैठक में विकास अधिकारी के उपस्थित नहीं होने से वार्ड पंचों ने नाराजगी जताई और अपनी शिकायतों के समाधान नहीं होने पर रोष व्यक्त किया।
बुधवार को उप सरपंच भंवरसिंह, वार्ड पंच अशोक सुमन, सुनीता मीणा, लोकेश गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों का विवरण उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी एवं सरपंच प्रशासक पर निर्माण कार्यों में कथित रूप से घटिया सामग्री के उपयोग, पूर्व निर्मित कार्यों पर रंग-रोगन करवाकर दोबारा भुगतान लेने तथा अन्य अनियमितताओं के आरोप लगाए।
वार्ड पंचों ने बताया कि इन शिकायतों को लेकर 2 जून को मांगरोल पहुंचकर उपखंड अधिकारी एवं विकास अधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी। उस दौरान विकास अधिकारी ने 5 जून को आयोजित बैठक में स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों का समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बैठक में उनके नहीं पहुंचने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि पंचायती राज नियमों के अनुसार वार्ड पंचों को अपने वार्ड में हुए विकास कार्यों एवं उन पर हुए खर्च की जानकारी प्राप्त करने तथा जांच करने का अधिकार है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्यों का पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराया गया।
वार्ड पंचों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत समिति के विकास अधिकारी को निर्देशित कर ग्राम पंचायत कार्यालय में लेखा-जोखा प्रस्तुत कराया जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




