सीसी रोड कोर कटिंग का सैंपल लिया
मांगरोल-बारां मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित बोहत कस्बे की आबादी क्षेत्र में बन रही तीन किलोमीटर लंबी सीसी रोड की गुणवत्ता जांच के लिए विभागीय टीम ने कोर कटिंग सैंपल लिए हैं। यह सड़क निर्माण कार्य करीब 5 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जिसकी चौड़ाई सात मीटर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा आधी पटरी में करीब 220 मीटर सीसी रोड का निर्माण किए जाने के बाद वहां से वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। लंबे समय तक सड़क की मजबूती और गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से पीडब्ल्यूडी गुणवत्ता नियंत्रण टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
इस दौरान पीडब्ल्यूडी गुणवत्ता नियंत्रक बारां के अधिशासी अभियंता एचपी मीणा, मांगरोल पीडब्ल्यूडी विभाग की सहायक अभियंता शीतल चौधरी और कनिष्ठ अभियंता संजीव सैनी ने कर्मचारियों की मदद से मशीन द्वारा सड़क के तीन अलग-अलग स्थानों से कोर कटिंग कर सैंपल एकत्र किए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, लिए गए सैंपलों की जांच विभागीय लैब में की जाएगी, जिसके आधार पर सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण होगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
इधर, सड़क निर्माण कार्य के चलते आमजन को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। आधी सड़क खुदी होने और निर्माण कार्य जारी रहने से मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के टायरों से लगातार धूल-मिट्टी उड़ रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच जरूरी है, लेकिन साथ ही धूल प्रदूषण से राहत के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।




