मांगरोल तहसील क्षेत्र के बोहत कस्बे में विद्युत निगम की लापरवाही के चलते सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह लगभग छह बजे गणेश चौक स्थित गणेश मंदिर के पीछे भगवान पुरा लाइन का विद्युत तार टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार, कस्बे में सीसी सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इस जगह पर ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री का प्लांट और मजदूरों का अस्थायी निवास भी है। ऐसे में तार टूटने की घटना बेहद गंभीर मानी जा रही है।
ठेकेदार के कर्मचारी सावरमल ने बताया कि दो दिन पहले झूलते हुए तार की सूचना विद्युत निगम के कर्मचारियों को दी गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय निवासी सूरज चौधरी ने बताया कि तार टूटने के बाद कई बार निगम कर्मचारियों को फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। 181 पर संपर्क करने पर भी बिजली बंद कराने की कोई व्यवस्था नहीं हुई। अंततः एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल से ग्रिड स्टेशन भेजा गया, तब जाकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई जा सकी।
गौरतलब है कि इसी प्रकार की लापरवाही के कारण पिछले सप्ताह ईशवर पुरा में टूटे तार से खेतों में आग लग गई थी, जिसमें लगभग आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम से समय-समय पर लाइनों के रखरखाव और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। एईएन सुमित चौधरी ने बताया कि इस घटना की पूर्व में जानकारी नहीं थी, लेकिन सूचना मिलने पर शीघ्र कार्य किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




