ब्लेडयुक्त तारों से परेशान ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से लगाई गुहार, तत्काल हटाने की मांग
ग्राम 4 जैड के ग्रामीणों ने सड़कों के किनारे लगी ब्लेडयुक्त कंटीली तारों को हटाने की मांग को लेकर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि ये तारें लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मोहनपुरा रोड से ग्राम पंचायत मुख्यालय 4 जैड तक जाने वाली सड़क सहित गांव की कई सड़कों के दोनों ओर ब्लेडयुक्त कंटीली तारें लगाई गई हैं। इन तारों के कारण अब तक गांव के 10 से अधिक युवा घायल हो चुके हैं, जबकि एक युवक की मौत भी हो चुकी है।
ग्रामीणों के अनुसार गंभीर रूप से घायल नरेश कुमार आज भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर मुद्दे से अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंच को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ब्लेडयुक्त कंटीली तारों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और व्यक्ति को दुर्घटना का शिकार न होना पड़े और जनहानि रोकी जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




