राजस्थान की पावन धरती पर स्थित बिकरलाई ग्राम के हरिकृपा आश्रम परिसर में नवनिर्मित भव्य श्री बाँके बिहारीजी मंदिर की दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन 10 जून से 17 जून 2026 तक श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हर्षोल्लासपूर्वक किया जा रहा है। आठ दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
यह महोत्सव साध्वी श्री संतोष बाईसा, श्री हरिकृपा आश्रम सेवा समिति एवं समस्त हरिभक्तजनों के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को ब्रह्मऋषि ब्रह्मचार्य ब्रह्मसावित्री सिद्ध पीठाधीश्वर संत श्री तुलछारामजी महाराज, राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर श्री निर्मलदासजी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सानिध्य प्राप्त हो रहा है।
महोत्सव का शुभारम्भ 10 जून को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यह यात्रा श्री चारभुजा मंदिर से हरिकृपा आश्रम तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 10 से 16 जून तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक पंडित श्री किशोरचन्द्रजी रामायणी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है। वहीं रात्रिकालीन कार्यक्रमों में नानी बाई का मायरा, सुंदरकाण्ड पाठ एवं विशाल भजन संध्याओं का आयोजन श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर रहा है।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत 13 जून से 17 जून तक वैदिक विधि-विधान के साथ मंडप देवता स्थापना, अधिवास, न्यास, देव स्नपन, वास्तु शांति, विविध हवन, महाभिषेक एवं प्रतिष्ठा यज्ञ सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किए जा रहे हैं। हवन के मुख्य यजमान रतनसिंहजी, अर्जुनसिंहजी एवं सुरेशसिंहजी राजपुरोहित (मोहराई) हैं।
प्रतिष्ठा यज्ञाचार्य मंडल में प्रधान आचार्य पंडित दामोदरजी शास्त्री, उपाचार्य पंडित केशवजी शास्त्री तथा सह-आचार्य पंडित राजारामजी शास्त्री, पंडित रामावतारजी शास्त्री एवं पंडित गोपालजी शास्त्री वैदिक अनुष्ठानों का संचालन कर रहे हैं।
15 जून की भोजन प्रसादी का लाभ श्री लक्ष्मणसिंहजी एवं नारायणसिंहजी सुपुत्र स्वर्गीय गणपतसिंहजी तथा श्री योगेशसिंहजी सुपुत्र स्वर्गीय हुकमसिंहजी, निवासी निमाज (वर्तमान निवास हैदराबाद) परिवार द्वारा लिया गया।
महोत्सव के तहत 16 जून 2026 को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक जोगराजसिंहजी राठौड़, पूनम वैष्णव एवं उनकी पार्टी भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन ओमजी आचार्य, जेठुसिंह राजपुरोहित, नरपतसिंह घोड़ावड़ एवं गौभक्त राजेश मेंडास (जोधपुर) द्वारा किया जाएगा।
मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह 17 जून 2026 (बुधवार) को प्रातः 8:15 बजे से 9:15 बजे के शुभ मुहूर्त में सम्पन्न होगा। इसके पश्चात महाआरती, संत-विप्र सम्मान समारोह तथा दोपहर 12 बजे से विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।




