राजस्थान में पंचायत के बीच हुई सनसनीखेज वारदात
राजस्थान के बीकानेर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई। देखते ही देखते चाकू चले और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
राजस्थान के बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए गांव के पंच-पटेलों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। उम्मीद थी कि बातचीत के जरिए दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाएगा, लेकिन हालात अचानक बिगड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष ने अचानक धारदार चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना सामने आई है।
घटना के बाद पंचायत स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित किया। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।




