भीनमाल में संघ शिक्षा वर्ग का भव्य समापन, 270 कार्यकर्ता प्रशिक्षण लेकर लौटे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जोधपुर प्रांत के महाविद्यालय विद्यार्थी एवं तरुण व्यवसायी श्रेणी के 15 दिवसीय "संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) 2026" का शुक्रवार को भीनमाल में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। माँ क्षेमकरी, ब्रह्मगुप्त और महाकवि माघ की पावन भूमि पर आयोजित इस वर्ग में शिक्षार्थियों ने राष्ट्र सेवा, समाज संगठन और चरित्र निर्माण का संकल्प लिया।
समारोह में संत सान्निध्य के रूप में श्री सुमन सुलभ ब्रह्मचारी, मुख्य अतिथि कर्नल शंभू सिंह देवड़ा, मुख्य वक्ता राजस्थान क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह, वर्ग के सर्वाधिकारी रामधन बिश्नोई तथा जिला संघचालक डॉ. किशन लाल जोशी मंचासीन रहे।
21 मई से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण वर्ग में जोधपुर प्रांत के 7 विभागों और 21 जिलों से आए 270 शिक्षार्थियों ने भाग लिया। शिक्षार्थियों ने प्रतिदिन प्रातः 4 बजे से रात्रि 10:15 बजे तक अनुशासित दिनचर्या का पालन करते हुए चार घंटे का शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण एवं प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद शिक्षार्थियों ने शारीरिक प्रदर्शन प्रस्तुत किया तथा घोष की ताल पर ध्येय गीत के गायन से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
वर्ग की विशेषताओं में प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था, जल संरक्षण के प्रति जागरूकता, मिट्टी से बर्तन साफ करने की परंपरा तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से भोजन संग्रह जैसी पहलें शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त मातृ-हस्त भोजन, मौन भोजन और संस्कृत भोजन जैसे नवाचारों ने वर्ग को विशेष पहचान प्रदान की। शिक्षार्थियों को वैकल्पिक रूप से पंजाबी भाषा की लिपि एवं उच्चारण का प्रशिक्षण भी दिया गया।
मुख्य वक्ता हनुमान सिंह ने अपने बौद्धिक उद्बोधन में भारत के हजार वर्षों के संघर्ष, वर्तमान वैश्विक प्रतिष्ठा तथा भारतीय अध्यात्म, योग और आयुर्वेद की बढ़ती स्वीकार्यता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में परिवार संस्था की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं में संस्कार और संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे समाज में कुटुम्ब प्रबोधन का कार्य करें और सामाजिक समरसता, संगठन तथा सांस्कृतिक जागरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में पूजनीय संत सुमन सुलभ महाराज के आशीर्वचन हुए। इस अवसर पर कर्नल शंभू सिंह देवड़ा, वर्ग के सर्वाधिकारी रामधन बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन और मातृशक्ति उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 15 दिवसीय इस वर्ग के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया। समापन के पश्चात सभी शिक्षार्थी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यों के लिए प्रस्थान कर गए।




