भीनमाल में महेश नवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया, शोभायात्रा ने बांधा समां
भीनमाल शहर में मंगलवार को माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर का वातावरण धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। समाज के लोगों ने एकजुट होकर भगवान महेश (शिव) एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना की तथा शोभायात्रा, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया।
माहेश्वरी समाज के तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश गिगल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भगवान शिव (महेश) एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद समाज भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन, धार्मिक ध्वज और पारंपरिक वेशभूषा में सजे सैकड़ों समाजबंधु शामिल हुए। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
मार्ग में भामाशाह कमलेश भूतड़ा एवं मनीष कुमार फागोतरा द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेय पदार्थ एवं आइसक्रीम की सेवा की गई। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा से शोभायात्रा में शामिल लोगों को राहत मिली। समाज के लोगों ने भामाशाहों के इस सेवा कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इनमें सचिव सुरेश शारदा, पूर्व तहसील अध्यक्ष महादेव राठी, सवाईसिंह मुंहता, आनंद भूतड़ा, महेश चांडक, रमेश राठी, भोमराज केला, शंकरलाल राठी, चमनलाल गीगल, अमृतलाल भूतड़ा, घनश्याम शारदा, वासुदेव बाहेती, चतुर्भुज राठी, पीतांबर दास करवा, भगवानदास राठी, विनोद राठी, अर्जुन राठी, दुर्गेश राठी, संपत कुमार शारदा, मुकेश राठी, प्रेम शारदा, ओमप्रकाश शारदा, अरविंद शारदा, जुगलकिशोर राठी, अशोक चांडक, नरेश करवा, किशोर मुंहता, विजेश भूतड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और समाज के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भामाशाह नवलकिशोर राठी की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शाम को आयोजित सम्मान समारोह में समाज के भूतपूर्व तहसील अध्यक्ष सवाईसिंह मुंहता ने विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शोभायात्रा के समापन के बाद समाज भवन में भव्य प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान समाज के लोगों में उत्साह और धार्मिक आस्था का विशेष वातावरण देखने को मिला।




